राजधानी देहरादून में एडीएम प्रशासन हरक सिंह रावत ने शहरों को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए एक पुस्तक लिखी है।
राज्यपाल ने किया पुस्तक का विमोचन
‘पर्यावरण मित्र योजना’ पुस्तक का विमोचन राजभवन में राज्यपाल डा. अजीज कुरैशी ने किया। इस मौके पर हरक सिंह ने पर्यावरण बचाव के लिए अपनी सुझाव भी बताए। मंगलवार को राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन किया गया।
इस मौके पर राज्यपाल डा. अजीज कुरैशी ने कहा कि कूड़ा एक बड़ी समस्या है। इसके लिए आवश्यक है कि सभी साथ मिलकर शहरों को कूड़े से मुक्त कराएं। कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पर्यावरण के प्रति एक अधिकारी की यह लगन काबिले तारीफ है।
मिलकर पहल करने की जरूरत
उन्होंने कहा कि देवभूमि को स्वच्छ बनाए रखने के लिए हम सभी को मिलकर पहल करने की जरूरत है। विशिष्ठ अतिथि शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि प्रदेश में केवल दस फीसदी शहर, गांव और कस्बों में ही कूड़े का निस्तारण करने के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड होंगे।
इसलिए उनका पहला मकसद ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जमीनें उपलब्ध कराना है। वन विभाग से इस बाबत बात हो चुकी है। जल्द ही राजधानी दून सहित कई शहरों को कूड़े के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड उपलब्ध हो जाएंगे।
इस अवसर पर प्रमुख वन संरक्षक आरबीएस रावत, श्रीदेव सुमन विवि कुलपति डा. यूएस रावत, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, डीएम बीवीआरसी पुरुषोत्तम, सिटी मजिस्ट्रेट जीसी गुणवंत, एडीएम वित्त झरना कमठान, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रंजना वर्मा, सीडीओ ज्योति नीरज खैरवाल आदि मौजूद रहे।
प्रदेश के स्कूलों में चलेगा अभियान
विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि पर्यावरण के प्रति यदि बच्चों को जागरुक किया जाएगा तो भविष्य बेहतर होगा।
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी स्कूलों में बच्चों को पॉलिथीन के नुकसान के प्रति जागरुक किया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...