दुनिया की कई बड़ी-बड़ी कंपनियों में सीईओ पद तक पहुंच बनाने में सफल हुए भारतीय अब आईआईटी की गुणवत्ता सुधारने का आइडिया देंगे। इसके लिए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय आईआईटी के पूर्व छात्र रहे उन सभी वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करेगा। इसके लिए जल्द मंत्रालय स्तर पर एक संवाद आयोजित किया जाएगा। उसमें शामिल होकर यह सीईओ अपने-अपने सुझाव देंगे।'
मानव संसाधन विकास मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार देहरादून पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने यह जानकारी दी। बताया कि आईआईटी से डिग्री लेकर कई होनहार बड़ी-बड़ी कंपनियों में बड़े-बड़े पदों पर हैं। वह दुनिया में शिक्षा और बाजार की जरूरतों के मुताबिक उसमें बदलाव के स्तर को अच्छी तरह समझते हैं। कई भारतीय नामचीन कंपनियों में होने पर भी हमारे आईआईटी दुनिया के टॉप 50 संस्थानों में भी शामिल नहीं है।
उन्होंने कहा कि विश्व में भारतीय प्रतिभाओं को और बेहतर स्थान दिलाने और उनकी क्षमताओं में बढ़ोतरी करने के लिए आईआईटी की गुणवत्ता सुधारना जरूरी है। ऐसे में इनके सुझावों के आधार पर योजना तैयार की जा सकती है, जिसका देश के सभी आईआईटीयंस को फायदा मिलेगा।
आईआईटी से निकले प्रमुख सीईओ
नाम - कंपनी - आईआईटी
सुंदर पिचाई - गूगल - खड़गपुर
जॉर्ज कुरियन - नेटएप - मद्रास
दिनेश पालीवाल - हरमन इंटरनेशनल - रुड़की
सलिल पारेख - इंफोसिस - बॉम्बे
आबिदली नीमचवाला - विप्रो - रायपुर