इस प्रकार मां को सम्मान देने की हमारी पुरातन परंपरा रही है। उन्होंने महिलाओं से स्वावलंबी बनने की भी अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। विश्व के देशों में जहां वर्तमान में सात प्रतिशत महिला कॉमर्शियल पायलट हैं, वहीं भारत में यह 12 प्रतिशत हैं। हमारी रक्षामंत्री, विदेश मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष महिला हैं।
प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों में भी महिला अधिकारी बेहतर क्षमता का प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश में तीन डीएम, चार एसएसपी, पांच सीएमओ के अलावा अन्य महिला अधिकारी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस में महिलाओं की भागीदारी 11 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर इसका प्रतिशत सात ही है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं से अपील भी की कि वे सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित कार्यक्रमों व योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका उपयोग कर आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत बनें। इस अवसर पर महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्या, विधायक गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, एसएसपी निवेदिता कुकरेती व निदेशक कैप्टन आलोक शेखर तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।