बेखौफ दो युवकों ने शाम एक युवती को निर्माणाधीन शौचालय के गड्ढे में धकेलकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इस दौरान उनके अन्य साथियों ने इस कुकृत्य का वीडियो भी बनाया।
विज्ञापन
युवती के विरोध के चलते आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए और भाग निकले। युवती के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रमेश सैनी और गोविंद सैनी दोनों निवासी लक्ष्मीपुरपट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे शहर की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती अपने रिश्ते के भाई के साथ जा रही थी। रास्ते में सुनसान जगह पर छह से अधिक युवकों ने युवती को पकड़ लिया और रिश्तेदार को मारपीट कर भगा दिया।
विज्ञापन
इसके बाद आरोपी युवती को लेकर एक निर्माणाधीन मकान में ले गए और उसे शौचालय के टैंक में धकेल दिया। इसके बाद दो युवक भी टैंक में उतरे और युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगे।
Trending Videos
रो-रोकर आरोपियों से इज्जत की भीख मांगती रही युवती
Rape
- फोटो : Times of India
विरोध करने पर आरोपियों ने युवती का सिर दीवार से पटकने के साथ ही कई थप्पड़ भी जड़े। युवती रो-रोकर आरोपियों से इज्जत की भीख मांगती रही लेकिन आरोपियों ने एक नहीं सुनी।
आरोपियों के अन्य साथियों ने इस कुकृत्य की वीडियो भी बनाई। युवती के चिल्लाने और विरोध के चलते युवक उसे छोड़कर चले गए, लेकिन इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया।
सूचना मिलते ही बांसफोड़ान चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह, टांडा उज्जैन चौकी प्रभारी प्रहलाद सिंह बिष्ट ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देनी शुरू कर दी। शनिवार को लोगों ने कोतवाल ओमप्रकाश का घेराव कर आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
कोतवाल ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर रमेश सैनी निवासी लक्ष्मीपुरपट्टी और गोविंद सैनी निवासी लक्ष्मीपुरपट्टी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और वीडियो में पहचान कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। पीड़िता के फटे कपड़े सील करने के साथ ही मेडिकल कराकर मजिस्ट्रेट के सामने 164 के तहत बयान दर्ज कराए गए हैं।
'वीडियो रखने और वायरल करने वालों पर होगी कार्रवाई'
काशीपुर एएसपी कमलेश उपाध्याय ने पीड़िता का वीडियो रखने और वायरल करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी है।
शनिवार को लोगों ने एएसपी कमलेश उपाध्याय से मुलाकात की। बसपा नेता अशरफ हुसैन ने कहा कि यह घटना मानवता पर कलंक और समाज का सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है। अगर 12 घंटे के भीतर सभी आरोपी नहीं पकड़े गए और रासुका नहीं लगाई गई तो लोग सड़कों पर उतरेंगे।
हसीन खान ने कहा कि एक युवक ने पीड़िता के घर जाकर उसके पिता को देख लेने की धमकी दी है। एएसपी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। वीडियो बनाने वालों की भी गिरफ्तारी होगी। उन्होंने कहा कि जिसके पास भी घटना का वीडियो है, वह डिलीट कर दे।
पुलिस को जिस व्यक्ति के मोबाइल, लेपटॉप, कंप्यूटर में वीडियो मिला तो मुकदमा दर्ज होगा। इस मौके पर अजीज कुरैशी, अख्तर माहिगीर, रसीद सिद्दकी, डा. नवी हुसैन आदि मौजूद रहे।