पौड़ी हाईवे पर सिद्धबली के पास सड़क किनारे लहुलुहान हालत में मिले पोखड़ा निवासी अशोक नौटियाल की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह मुकदमा परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर किया है। आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस टीम दिल्ली रवाना कर दी है।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि गत सात फरवरी की शाम पुलिस को सिद्धबली के पास वन विभाग की तिलवाढांग चौकी से आगे डबल पुलिया पर झाड़ियों में एक व्यक्ति का लहुलुहान शव मिला था। मृतक के सिर व शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिले थे। नौ फरवरी को उसकी शिनाख्त अशोक कुमार नौटियाल (49) पुत्र विद्यादत्त नौटियाल निवासी बसढांग पोस्ट कोलाखाल, ब्लाक पोखड़ा पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई थी।
पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई दिल्ली निवासी कमल किशोर नौटियाल की तहरीर पर मृतक अशोक के साथी अशोक रावत पुत्र बख्तावर सिंह रावत निवासी घुडियाना बीरोंखाल पौड़ी गढ़वाल के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल ने बताया पुलिस घटना के दिन से ही मामले को हत्या का मानकर चल रही थी। अब तक की जांच में पाया गया है कि दोनों लोग छह फरवरी की शाम को कार से धुमाकोट होते हुए कोटद्वार आए थे। दोनों के बीच अवैध शराब के कारोबार को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की टीम दिल्ली रवाना कर दी गई है।