ज्योतिषी की सलाह के आधार पर एक शिक्षिका ने नौकरानी के खिलाफ सोने की चेन चुराने का मुकदमा दर्ज कराया है।
केस दर्ज होने के बाद से नौकरानी ने खाना-पीना छोड़ दिया है। वह खुद को बेकसूर बता रही है। शिक्षिका शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के भाई की पत्नी हैं।
गायब हो गई तीन तोले की सोने की चेन
उधर, पुलिस नौकरानी से कई बार पूछताछ के बाद कार्रवाई पर ऊहापोह में है।
मंत्री प्रसाद नैथानी के छोटे भाई डॉ. भानुप्रसाद नैथानी मोथरोवाला में रहते हैं। उनकी पत्नी डॉ. अनीता नैथानी हर्रावाला स्थित इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं।
नवरात्र के दौरान अनीता की सवा तीन तोले की सोने की चेन गायब हो गई थी। परिजनों ने घर में तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने एक ज्योतिषी से संपर्क किया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
ज्योतिषी ने गणना कर घर में काम करने वाली नौकरानी को खतरनाक मंसूबों वाली बता दिया। इसके बाद परिजनों ने नौकरानी के खिलाफ रिपोर्ट दे दी।
मंत्री से जुड़े होने के कारण पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन नौकरानी से कई दौर की पूछताछ के बाद भी पुलिस चेन का सुराग नहीं लगा सकी है।
उधर, सहमी नौकरानी ने खाना-पीना छोड़ दिया है। वह घरों में सफाई कर रोजी चलाती थी, लेकिन अब उसने यह काम भी छोड़ दिया है। अब पुलिस परेशान है कि करे तो क्या।