पंजे मारकर दोनों महिलाओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया
जेठानी अपनी देवरानी को बचाने के लिए जंगली तेंदुए से भिड़ गई और बचा भी लिया। तेंदुए के हमले से दोनों घायल हो गईं है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अल्मोड़ा जिले के हवालबाग विकासखंड के पिलखा गांव में देवरानी को बचाने के लिए जेठानी जान की परवा किए बगैर तेंदुए से भिड़ गई। तेंदुए ने पंजे मारकर दोनों महिलाओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
पिलखा गांव में आबादी क्षेत्र से करीब दो सौ मीटर दूरी पर देवी मंदिर स्थित है। पूजा देवी (24) पत्नी देवेंद्र सिंह अपनी जेठानी उमा देवी (35) पत्नी डूंगर सिंह के साथ रविवार सुबह करीब 8:30 बजे मंदिर के समीप ही घास काट रही थी कि तभी घात लगाए तेंदुए ने पूजा देवी पर हमला बोल दिया।
दरांती हाथ से गिर गई, लेकिन फिर भी लड़ी
वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगा दिया
पूजा के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास ही घास काट रही जेठानी उमा देवी दरांती लेकर तेंदुए की ओर बढ़ी पर हड़बड़ाहट में उमा देवी के हाथ से दरांती गिर गई, लेकिन वह पीछे नहीं हटी और पूजा को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई।
तेंदुआ पूजा को छोड़कर उमा पर झपट गया और उसको भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिलाओं के चिल्लाने की आवाज सुनने के बाद ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। तब तक तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया था। तेंदुए के हमले में दोनों महिलाएं लहूलुहान हो गईं।
ग्रामीण दोनों को जिला अस्पताल लेकर आए। पूजा देवी के हाथ, जांघ और सिर पर घाव हुए हैं जबकि उमा देवी की जांघ, पीठ, मुंह पर घाव हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल पूछा। उन्होंने मौके से ही फोन कर अल्मोड़ा वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी को पिलखा गांव में पिंजरा लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगा दिया है।