बर्नीगाड़ गंगा यमुना ग्रामीण बैंक में पेंशन लेने आई बजलाड़ी गांव की एक महिला की अचानक स्वास्थ्य खराब होने से मौत हो गई।
बजलाड़ी गांव की कमाली देवी (80) सोमवार को गांव से 30 किमी दूर बर्नीगाड़ बैंक में पेंशन लेने आई थी, कि अचानक स्वास्थ्य खराब होने से उसकी मौत हो गई। वह अपनी पेंशन को भी आहरण नहीं कर पाई थी।
रवांई घाटी के धारी कफनौल क्षेत्र में बैंक की कोई शाखा नहीं है, जिससे लोगों को बैंक संबंधी कामों के लिए 40 किमी दूर बर्नीगाड़ आना पड़ता है। राष्ट्रीयकृत बैंक की सेवाओं के लिए ग्रामीणों को दस किमी अतिरिक्त दूरी तय कर नौगांव आना पड़ता है।
क्षेत्र के करीब दो दर्जन लोग बैंकिंग सुविधा से वंचित हैं। बजलाड़ी गांव की प्रधान उर्मिला राणा, देवराणाघाटी फल एवं सब्जी उत्पादक एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा, केदार सिंह, शूरवीर सिंह आदि ने बैंक शाखा खोलने की मांग की है।