उत्तराखंड के शिक्षामंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, कांग्रेस विधायक विजय पाल सजवाण सहित कांग्रेस के 35 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा वापस हो गया।
35 लोगों के खिलाफ मुकदमा वापस लेने के निर्देश
विकासनगर में वर्ष 2009 में विधानसभा उपचुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में शिक्षामंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, विधायक विजय पाल सजवाण, पूर्व विधायक तिलकराज बेहड़, विकासनगर विधायक नव प्रभात की पत्नी रूपा शर्मा, संजय किशोर सहित 35 लोगों के खिलाफ शासन ने मुकदमा वापस लिए जाने के निर्देश दिए थे।
आरोप था कि इन लोगों ने आचार संहिता लागू होने के बावजूद मतदान के बाद जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया था। इस पर अदालत ने अपने फैसले में कहा कि आरोपितों के खिलाफ तोड़फोड़ या जन समुदाय के खिलाफ हिंसा करने का आरोप नहीं है।
ऐसे में मुकदमा वापस लिया जा सकता है। अभियोजन अधिकारी ने मुकदमा वापस लेने के लिए शनिवार को अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था।