सुरक्षित औली का संदेश देने को शुरू किया स्कीइंग कोर्स
जोशीमठ में भू धंसाव का असर औली की पर्यटन गतिविधियों पर भी पड़ा है। बर्फबारी के बावजूद औली सूना पड़ा है। गिने चुने पर्यटक ही यहां पहुंच रहे हैं। अब स्थानीय युवाओं ने सुरक्षित औली का संदेश देने के लिए स्कीइंग कोर्स शुरू किया है, जिसमें यहां आने वाले पर्यटकों को स्कीइंग सिखाई जा रही है।
पर्यटन व्यवसाय से जुड़े औली निवासी दिनेश भट्ट ने बताया कि बर्फबारी के बाद भी यह खूबसूरत पर्यटन स्थल सूना पड़ा है। इन दिनों यहां खूब चहलकदमी होनी चाहिए थी, लेकिन स्थिति इसके ठीक उलट है। उन्होंने कहा कि हम सबने मिलकर एक कोशिश की है, जिससे देश दुनिया के लोगों को संदेश दे सकें कि औली सुरक्षित है। इसके लिए यहां पर स्कीइंग कोर्स चलाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: 10वीं, 12वीं और विवि की परीक्षाओं पर भी नकलरोधी कानून लागू करने का सुझाव, जल्द आएगा अध्यादेश
औली आने वाले गिने चुने पर्यटकों को स्कीइंग के गुर सिखाए जा रहे हैं। इससे जहां लोगों में औली के सुरक्षित होने का संदेश जा रहा है, वहीं स्कीइंग से जुड़े लोगों की कुछ इनकम भी हो रही है। बताया कि इन दिनों यहां पर 40 पर्यटकों को स्कीइंग सिखा रहे हैं, जिसमें गुजरात, दिल्ली, मुंबई, राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों के पर्यटक शामिल हैं। कुछ पर्यटक विदेशी भी हैं।