रुद्रपुर में ग्राम फसल की रखवाली कर रहे चौकीदार पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक नजीमाबाद धौराडाम में प्रेम सिह पुत्र स्व. रण्जत सिंह ने अपने खेतों मे सब्जी की फसल बो रखी है। जिसकी रखवाली करने के लिए उसने चौकीदार राम अवतार पुत्र रघुलाल को रखा हुआ है। गुरुवार देर रात राम अवतार खेतों की रखवाली कर रहा था। तभी अचानक दो हाथी आ गए।
एक हाथी ने चारपाई पर बैठे चौकीदार पर पीछे से हमला कर दिया। हाथी ने अपना पैर उसकी चारपाही पर रख दिया, जिससे राम अवतार का पैर दब गया। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। खेत स्वामी और पड़ोसी उसकी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो उन लोगों ने खूब हो-हल्ला मचाया। जिससे जंगली हाथी वहां से जंगल में भाग गया। उसके बाद खेत स्वामी ने घायल चौकीदार 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा भेज दिया। जहां से उसे जिला अस्पताल रूद्रपुर भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि राम अवतार की पैर की 2 हड्डियां टूट चुकी हैं।
क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिनों से हाथियों का झुंड लगातार खेतों की तरफ आ रहा है और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। इस दौरान किसानों ने वन विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों से अपनी बर्बाद हो रही फसलों की सुरक्षा करवाने की मांग की। मौके पर बीट अधिकारी कुलदीप पांडे, वॉचर प्रेम तिवारी, भूपेंद्रर सिंह, सतपाल सिंह, मक्खन सिंह, बलदेव सिंह, खीम सिंह, संदीप सिंह आदि लोग मौजूद थे।