प्रेमनगर क्षेत्र से दो युवकों को पुलिस उठाकर ले गई। इनमें एक पुलिसकर्मी वर्दी में और एक बिना वर्दी था। परिजनों ने प्रेमनगर थाने से पूछा तो उन्होंने ऐसी किसी कार्रवाई से इन्कार किया। ऐसे में परेशान होकर परिजनों ने अपहरण की सूचना दे दी।
देर रात परेशान परिजनों ने प्रेमनगर थाने पर भी हंगामा किया। इस बीच पता चला कि पुलिस प्रेमनगर की नहीं, बल्कि वसंत विहार की थी। इन युवकों को मोबाइल लूट की घटना के सिलसिले में उठाया गया था। बात तो वहां तब गंभीर हो गई जब मोबाइल लूट की शिकार महिला ने तहरीर देने से ही मना कर दिया। अब पुलिस का दावा है कि युवकों को उठाने से पहले परिजनों को सूचित किया गया था। बताया जा रहा है कि वसंत विहार पुलिस को एक महिला ने मोबाइल लूट की सूचना दी थी। इसकी जांच करते हुए पुलिस प्रेमनगर इलाके में पहुंची और दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
परिजनों का कहना था कि उन्हें इस बारे में सूचित ही नहीं किया गया। देर रात जब हंगामा हुआ तो पुलिस अधिकारी भी हरकत में आ गए। पता चला कि वसंत विहार पुलिस को इस महिला ने तहरीर देने से ही मना कर दिया। एसओ वसंत विहार महादेव उनियाल ने बताया कि युवकों को उठाने से पहले परिजनों को बताया गया था।