मौसम के करवट बदलते ही गंगोत्री व यमुनोत्री धाम सहित जनपद के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जबकि निचले इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। तापमान में आई गिरावट के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ताजा बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे पर यातायात बाधित हो गया है।
मौसम में आए इस बदलाव से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल, सुक्की, जानकीचट्टी, खरसाली आदि समुद्र सतह से ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है। जिला मुख्यालय समेत तमाम निचले क्षेत्रों में सुबह से शाम तक बारिश जारी रही। ताजा बारिश के चलते जिला मुख्यालय पर अधिकतम तापमान 9 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बर्फबारी वाले इलाकों में पारा शून्य से लेकर माइनस तीन डिग्री तक रहा।
ताजा बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे पर सुक्की टॉप से आगे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। बीआरओ की टीम लगातार बर्फ हटाने में जुटी है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि फिलहाल गंगोत्री हाईवे को छोड़कर अन्य सभी मोटर मार्गों पर यातायात सुचारु है। हालांकि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सड़क, विद्युत, पेयजल आदि संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश-बर्फबारी से उपजी ठंड को देखते हुए आज बुधवार को जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
चमोली जिले में मंगलवार को चौथी बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले में 25 गांव बर्फ से ढक गए हैं। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने आज 29 जनवरी को जिले में कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिले में सोमवार देर रात से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ, जो मंगलवार को भी दिनभर चलता रहा। बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नंदा घुंघटी, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, औली के साथ ही अन्य ऊंचाई वाले स्थानों में जमकर बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम में आधा फीट और हेमकुंड साहिब में डेढ़ फीट तक ताजी बर्फ जम गई है।
फूलों की घाटी को जाने वाला तीन किलोमीटर का ट्रेक भी पूरी तरह बर्फ से ढक गया है। लगभग 25 गांवों में पैदल रास्ते, खेल-खलियान भी बर्फ से ढक जाने से लोगों के सम्मुख आवाजाही और मवेशियों के लिए चारे का संकट खड़ा हो गया है। बर्फबारी से हनुमान चट्टी-माणा, चमोली-मंडल-ऊखीमठ, जोशीमठ-औली और जोशीमठ-तपोवन-मलारी सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। निचले क्षेत्रों में शाम तक बारिश और बर्फबारी जारी रही।