कई दिन से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार से हल्का पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार और सोमवार को बारिश का सिलसिला ज्यादातर क्षेत्रों में थम जाएगा। उधर, शनिवार को सुबह और शाम को हुई बारिश की वजह से पारे में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश में कई दिन से बारिश और बादलों का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी सुबह की शुरुआत बारिश से हुई। दिन में बारिश रुकी रही और शाम को फिर हल्की बारिश हुई।
पहाड़ पर बारिश, बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग ने राजधानी देहरादून में 2.1 मिमी, पंतनगर में 2.4 मिमी, मुक्तेश्वर में 35.6 मिमी और टिहरी में 0.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि रविवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों खासकर उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश या बर्फ पड़ सकती है।
राज्य के अन्य क्षेत्रों में कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में एक से दस सेंटीमीटर तक बर्फ पड़ने के आसार हैं।
छाए रहेंगे बादल
दूसरी ओर, दून में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शनिवार को हुई सुबह-शाम की बारिश की वजह से पारे में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम पारा 27.7 डिग्री था जो कि शनिवार को घटकर 23.8 डिग्री तक आ गया।
चार दिन के तापमान पर एक नजर
एक अप्रैल
28.7(अधिकतम), 15.2(न्यूनतम)
दो अप्रैल
30.4(अधिकतम), 15.7(न्यूनतम)
तीन अप्रैल
27.7(अधिकतम), 17.5(न्यूनतम)
चार अप्रैल
23.8(अधिकतम), 15.6(न्यूनतम)