राजधानी दून समेत प्रदेश के पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर कायम रह सकता है। विशेषकर पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में हल्की से मध्यम वर्षा संभव है।
राजधानी दून में भी बादल छाए रहेंगे। गरज संग वर्षा के एक-दो दौर संभावित हैं। दून में सोमवार को दोपहर तक धूप और उमस ने पसीना निकाला हुआ था।
दोपहर बाद तकरीबन ढाई बजे अचानक आसमान में बादल घिर आए। राजपुर रोड, प्रिंस चौक, पटेलनगर, रायपुर समेत कई स्थानों पर बारिश हुई। शाम साढ़े पांच बजे तक कुल 6.8 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई।
कई स्थानों पर बारिश
आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 92, जबकि न्यूनतम प्रतिशत 67 रहा। राज्य मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी राजधानी में कई स्थानों पर बारिश भिगोएगी। अधिकतम तापमान में कुछ कमी दर्ज की जा सकती है। यह 31 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री उछलकर 23 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।
बीते सप्ताह भी उत्तराखंड में कम रही बारिश
प्रदेश में अगस्त के महीने कम बारिश का दौर जारी है। लगातार दूसरे सप्ताह भी बारिश सामान्य से कम रही। 7 अगस्त से लेकर 13 अगस्त तक कुल 67.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 104.9 मिलीमीटर का है।
इस तरह बारिश में कुल 36 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। बीती एक जून से 13 अगस्त तक के भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़े पर भरोसा करें तो इस दौरान वर्षा सामान्य रही है। इस समयावधि में सामान्य बारिश 795.4 मिलीमीटर रही है, लेकिन अब तक की वर्षा कुल 663 मिलीमीटर रही है। बारिश में 17 फीसदी की कमी है, लेकिन 20 प्रतिशत तक की कमी को सामान्य श्रेणी में रखा जाता है।