- बारिश से बागवानों के चेहरे खिले
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश ने मार्च के महीने में जनवरी जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी है। वातावरण में बढ़ी ठंडक ने तापमान को गिराकर छह डिग्री पर ला दिया है। उधर पारा गिरने व बारिश होने से क्षेत्र के सेब व अन्य फल उत्पादक बागवानों के चेहरे खिल गए हैं।
होली के अवसर पर आसमान पर बादल छाने के बाद चकराता क्षेत्र में हुई बारिश ने मौसम को बदल दिया है। पिछले कई दिनों से चकराता के वातावरण में बढ़ रही गर्मी के क्रम को भी मौसम के नए रुख ने रोक दिया है। उधर क्षेत्र में किए जाने वाले सेब, खुबानी, पुलम, चुल्लु, कीवी आदि के लिए भी तापमान में आई कमी को बेहद लाभदायक माना जा रहा है। स्थानीय फल उत्पादक किसान वीरेंद्र सिंह, खुशीराम, जगतराम, विजय पाल, सियाराम, विक्की आदि ने बताया कि बागों में फूल आने की प्रक्रिया चल रही है। जिसके लिए मौसम का ठंडा होना व नमी रहना जरूरी है। उन्होंने बताया कि मौसम के इस बदलाव से उन्हें फसल में भारी लाभ मिलने की उम्मीद है।