केदारनाथ समेत मद्महेश्वर व तुंगनाथ में आधा घंटे तक हुई हल्की बर्फबारी से यहां ठंड बढ़ गई। जबकि निचले इलाकों में दिनभर सूरज व बादलों की आंखमिचौली होती रही। रविवार को केदारनाथ में सुबह से ही मौसम साफ रहा और धूप भी खिली रही, लेकिन दोपहर बाद अचानक घिरे घने बादलों के बीच कुछ देर बूंदाबांदी हुई और फिर बर्फबारी होने लगी।
लगभग आधा घंटे तक हुई हल्की बर्फबारी का धाम में मौजूद श्रद्धालुओं ने खूब आनंद लिया, लेकिन इसके बाद बढ़ी ठिठुरन के कारण सभी लोग कमरों में दुबक गए।
दूसरी ओर दुग्ध गंगा, चोराबाड़ी व वासुकीताल के ऊपरी तरफ जमकर हिमपात हुआ। केदारनाथ में इस सीजन की तीसरी बर्फबारी है। मौसम खराब होने के कारण केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग समेत जिले के अन्य इलाकों में सुबह से ही बादलों की आंखमिचौली होती रही।