राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। इससे अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री तक की कमी दर्ज की गई। राजधानी में अधिकतम तापमान 22 डिग्री से नीचे पहुंच गया, इस लिहाज से सोमवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा।
प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को राजधानी दून और आसपास के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर तक अधिकांश क्षेत्रों में धूप नहीं निकली, जिससे मौसम काफी ठंडा रहा। दोपहर बाद कई क्षेत्रों में दोपहर बाद आसमान काले बादलों से घिरा रहा। कुछ देर बाद मौसम साफ हुआ और हल्की धूप भी निकली। हालांकि धूप में चमक और ताप बहुत कम था। शाम होते-होते एक बार फिर आसमान बादलों से घिर गया।
पूरे दिन बादल छाए रहने और धूप न निकलने से यह मौसम में ठंड काफी बढ़ गई। अधिकतम तापमान में रविवार की तुलना में करीब तीन डिग्री तक की कमी दर्ज की गई। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार राजधानी का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम है। वहीं, रात का तापमान 8.9 डिग्री रहा। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले एक हफ्ते में दिन और रात के तापमान में कमी हो सकती है, जिससे ठंड में इजाफा होगा।
कई जगह बारिश बर्फबारी के आसार
मौसम केंद्र ने कुछ पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिर सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उतरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, और पिथौरागढ़ में अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है जबकि निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों मे रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी और निचले इलाकों में घने बादलों के छाए रहने से सीमांत जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में है। हिमपात के बाद मुनस्यारी और पिथौरागढ़ में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिलेभर में दिनभर सर्द हवाएं चलती रहीं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को पंचाचूली, हंसलिंग, नग्नीधूरा, छिपलाकेदार, सिदमखान सहित धारचूला की दारमा और व्यास घाटी के उच्च क्षेत्रों में हिमपात हुआ। मुनस्यारी में दोपहर को हल्की बूंदाबांदी हुई। बर्फबारी के बाद मुनस्यारी में अधिकतम तापमान आठ डिग्री और न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
उधर, धारचूला, डीडीहाट, कनालीछीना, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट और पिथौरागढ़ में सुबह से ही घने बादल छाए रहे। निचले इलाकों में बादल छाने से पिथौरागढ़ का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।