मौसम आए दिन करवट ले रहा है। एक दिन धूप निकलने के बाद मंगलवार को कोहरा छा जा रहा है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और लोग ठंड से परेशान रहे। आज बुधवार को कोहरा और बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश होने का अनुमान है।
सोमवार को सुबह हल्के बादल छाए जाने के बाद सुबह दस बजे के बाद आसमान साफ हो गया था। दिनभर धूप निकलने से लोगों ने बड़ी राहत मिली थी। सोमवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.4 दर्ज किया गया था, लेकिन मंगलवार को सुबह से ही कोहरा छाया रहा। दिनभर धूप नहीं निकलने से लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। शाम के समय ठंडी हवाएं चलने से लोग और परेशान हो गए। शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
केदारनाथ मंदिर परिसर में लगभग पांच फीट से अधिक बर्फ जमी हुई है। केदारनाथ में मंदिर परिसर से लेकर भैरव नाथ मंदिर, ध्यान गुफा सहित संपूर्ण क्षेत्र बर्फ से लकदक है। सभी रास्ते व पुनर्निर्माण कार्य स्थल भी बर्फ से ढके हुए हैं। पैदल मार्ग पर भारी बर्फ जमीं होने से इस सप्ताह भीमबली में तैनात पुलिस टीम भी केदारनाथ का निरीक्षण नहीं कर पाई।
इधर, पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि टीम द्वारा बताया गया कि भीमबली से केदारनाथ तक पांच से छह फीट बर्फ जमी हुई है। इधर, डीएम मनुज गोयल ने बताया कि मौसम ठीक रहा तो शनिवार या रविवार को पुलिस के साथ केदारनाथ का भ्रमण किया जाएगा, जिससे वहां के स्थिति का पता चल सके।