संवाद न्यूज एजेंसी
हरबर्टपुर। फतेहपुर क्षेत्र में जगह-जगह क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन से सैकड़ों लीटर पानी प्रतिदिन बरबाद हो रहा है। उधर, लाइनों के लीक होने से आपूर्ति का प्रेशर बेहद कम हो गया है, जिससे लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
फतेहपुर क्षेत्र में पिछले काफी समय से कई स्थानों पर टूटी पेयजल लाइन को ठीक नहीं कराया गया है। जिससे लाइनों से पानी निकलकर सड़कों पर फैल रहा है। उधर गर्मी का मौसम होने के चलते क्षेत्र में पहले ही पेयजल की किल्लत बनी हुई है। ऐसे में लाइनों में लीकेज के चलते सही प्रेशर से पानी उपभोक्ताओं को उपलब्ध नहीं हो रहा है। स्थानीय निवासी संदीप, राजेश कुमार, मनीष सैनी आदि ने बताया कि क्षतिग्रस्त लाइनों के संबंध में कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। परंतु संस्थान की ओर से लाइनों को ठीक कराने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। जलकल अभियंता जयपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय अवर अभियंता को मौके पर भेजकर क्षतिग्रस्त लाइनों को तत्काल ठीक कराया जाएगा।