देहरादून के शिमला बाईपास पर सीवर लाइन डाल रही एडीबी की खुदाई के चक्कर में जल संस्थान की पाइप लाइन टूट गई है। पेयजल लाइन में मिट्टी, कचरा और छोटे बोल्डर भर जाने से पूरी पाइप लाइन चोक हो गई। इससे उमस भरी गर्मी में प्रभावित क्षेत्र में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच गई है। कई स्थानों पर चोक पाइप लाइन को साफ किए जाने पर बच्चों के डाइपर निकले हैं।
शिमला बाईपास पर सीवर लाइन की खुदाई के चक्कर में यहां से गुजर रही जलसंस्थान की पाइप लाइन टूट गई। जल सप्लाई के प्रेशर के कारण पेयजल लाइन में मिट्टी के साथ कचरा और छोटे-छोटे बोल्डर भी चले गए। कचरा और पत्थरों से मुख्य पाइप लाइन भर गई। आबादी के अंदर सप्लाई क्षेत्र के पतले पाइपों में जाकर पत्थर फंस गए। इससे चंद्रबनी रोड, केशव इन्क्लेव, सेवला खुर्द क्षेत्र के ज्यादातर मोहल्लों में सप्लाई बाधित हो गई।
बार-बार लाइन हो रही चोक
लोगों ने कनेक्शन के स्थान पर खुदवा कर कचरा निकलवाया लेकिन जैसे सप्लाई शुरू हुई मुख्य पाइप लाइन में भरा कचरा फिर आकर फंस गया। तीन दिन से कचरे से पाइप लाइनों के बार-बार चोक हो जाने से आपूर्ति ठप पड़ी हुई है।
जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता राजेंद्र रुहेला ने बताया कि पाइप लाइन को साफ कराया जा रहा है। एडीबी की खुदाई में पाइप लाइन टूट गई है। जलसंस्थान के मुख्य महाप्रबंधक एसके गुप्ता ने बताया कि जहां पाइप लाइन चोक है वहां गैंग लगाकर खुदाई कराई जा रही है।