देहरादून के रायपुर सुंदरवाला के अंतर्गत न्यू हर्चावाला क्षेत्र के लोगों को जल संस्थान ने पानी के कनेक्शन भले ही आठ महीने पहले दे दिए हों, लेकिन उन्हें घर में पानी नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह क्षेत्र में पाइप लाइन का दूर होना और दूसरे लोगों की ओर से उस पाइप लाइन से कनेक्शन नहीं लेने देना है। लोग अब सरकारी नल से पानी ढो रहे हैं।
अधिकारी दे रहे गोलमोल जवाब
क्षेत्रवासी विजय गौड़ ने बताया कि जल संस्थान की ओर से पैसे लेकर पानी के कनेक्शन तो दे दिए, लेकिन लाइन कौन बिछाएगा। कई बार विभाग के चक्कर काट चुके हैं लेकिन अधिकारी हैं कि हमें गोलमोल जवाब दे रहे हैं। मजबूरी में पानी ढोना पड़ रहा है।
वहीं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता डीपी पोखरियाल ने बताया कि क्षेत्र के लिए पाइप लाइन मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल है। इसका इस्टीमेट भी तैयार है। एक महीने में क्षेत्र में लाइन डाल दी जाएगी।
यह है समस्या
न्यू हर्चावाला के यह लोग बीच में बसे हैं। कुछ हिस्सा इनके ऊपरी तो कुछ नीचे की ओर हैं। दोनों ओर पानी की लाइन है, लेकिन इनके बीच के हिस्से में नहीं है। यह लोग जब भी ऊपर या नीचे की ओर से पानी की लाइन लेने का प्रयास करते हैं तो वो लोग साफ मना कर देते हैं, कहते हैं कि यह लाइन हमारे अपने क्षेत्र के अनुसार बिछी है।