अगर आपका वाटर कनेक्शन अवैध है और एक, दो या पांच साल से फ्री पानी पी रहे हैं तो सिर्फ एक साल का बिल भर जल संस्थान के उपभोक्ता बन सकते हैं। अलबत्ता कनेक्शन चार्ज के तौर पर एक हजार रुपए भरने होंगे।
नियमित कराने के लिए अनाउंसमेंट
जल संस्थान इन दिनों पानी के अवैध कनेक्शनों को लेकर अभियान चला रहा है। आरकेडिया ग्रांट, रायपुर, माजरीमाफी, मेहूंवाला, प्रेमनगर यानी पित्थूवाला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्शन नियमित कराने के लिए अनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है।
नहीं कराया तो कट जाएगा कनेक्शन
इससे राजस्व वसूली के साथ ही लोगों को भी कम पैसा भरना होगा। अधिकारियों के मुताबिक पांच साल से अवैध कनेक्शन चला रहे उपभोक्ता खुद विभाग जाकर कनेक्शन नियमित कराते हैं तो उन्हें सिर्फ एक साल का ही बिल भरना होगा। सिर्फ कनेक्शन चार्ज के तौर पर एक हजार रुपये लिए जाएंगे। ऐसा न करने पर विभाग कनेक्शन काट देगा।
ऐसे लगता है पता
अधिकारियों के मुताबिक अवैध कनेक्शनों की जानकारी विभाग को तब मिलती है, जब उपभोक्ताओं के बिल बंटते हैं। एक के घर बिल जाता है और दूसरे को नहीं, जबकि वह भी संस्थान का पानी पी रहा होता है। क्षेत्र के प्लंबर और आसपास के लोगों की शिकायतों से भी ऐसे मामलों का पता चलता है।
-सीजीएम के निर्देश पर अवैध कनेक्शन चेक हो रहे हैं। अनाउंसमेंट कराकर कनेक्शन नियमित कराने को कहा गया है। ऐसा न करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी भी दी जा रही है। अभियान मार्च तक चलेगा।
एसएल जुयाल, अधिशासी अभियंता, पित्थूवाला जोन।