उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जाधारी राज्य मंत्री साहब सिंह के खिलाफ देहरादून की अदालत ने वारंट जारी किया है।
दूसरी शादी करने का आरोप
उन पर शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी करने का आरोप है। खुद को साहब सिंह की पहली पत्नी बताने वाली महिला दो बच्चों संग दून में रहती है।
महिला ने दस जून 2013 को अदालत को दिए प्रार्थनापत्र में बताया था कि गत्ता मिल कॉलोनी सहारनपुर निवासी साहब सिंह से 41 वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। आरोप था कि विवाह के बाद से ही पति और ससुराली उसे तंग करते थे।
किसी तरह कर रही बच्चों का पालन-पोषण
तीन बच्चों के जन्म के बाद वह उन्हें लेकर कुछ समय मुजफ्फरनगर में मायके में रही। बाद में महिला हरिद्वार आ गई और प्राइवेट नौकरी कर किसी तरह बच्चों का पालन-पोषण किया।
महिला ने कोर्ट को बताया कि उसे पता चला है कि साहब सिंह ने देहरादून की किसी युवती से शादी कर ली है। वोटर लिस्ट, राशन कार्ड में भी बतौर पत्नी उसी महिला का नाम दर्ज है।
विशेष न्यायाधीश प्रीतू शर्मा की अदालत ने मामले में साहब सिंह और कुछ अन्य को समन जारी किया था। उनके पेश न होने पर बुधवार को वारंट जारी कर दिया गया। मामले की अगली सुनवाई 25 अप्रैल को होगी।