विकासनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आखिरी चरण के मतदान के लिए मंगलवार की देर शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विकासनगर और चकराता प्रखंड में बुधवार को होने वाले मतदान के लिए देर शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों तक पहुंच गईं। मतदान को देखते हुए कुल्हाल, दर्रारेट, लालढांग, त्यूनी और डाकपत्थर की सीमाएं सील कर दी गई हैं।
आखिरी चरण में होने वाले इस मतदान में विकासनगर ब्लॉक से 1126 और चकराता प्रखंड से 278 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। बुधवार सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान जारी रहेगा। शाम पांच बजे बाद पोलिंग बूथ में प्रवेश करने वाले लोगों को वोट डालने का अवसर नहीं दिया जाएगा।
विकासनगर ब्लॉक के 208 और चकराता प्रखंड के 134 पोलिंग बूथों पर मतदान होगा। विकासनगर के कुल मतदान केंद्रों में 114 को संवेदनशील और 60 को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। चकराता में 15 बूथ संवेदनशील और 13 अति संवेदनशील की श्रेणी में हैं।
विकासनगर मेें 1,14,561 मतदाता करेंगे वोट
विकासनगर ब्लॉक में कुल 1,14,561 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 55,003 महिला और 59,558 पुरुष मतदाता हैं। चकराता प्रखंड में कुल 52209 मतदाता है। इनमें से 28,057 पुरुष और 24,152 महिला मतदाता हैं।
तीन जोन 12 सेक्टर में बंटा विकासनगर
संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की भरमार होने के कारण विकासनगर को तीन जोन लांघा, डाकपत्थर और धर्मावाला में बांटा गया है। इन जोन में कुल 12 सेक्टर बनाए गए हैं। इनमें बावनधान, लांघा, सोरना, बरोटीवाला, पृथ्वीपुर, बैरागीवाला, अंबाड़ा, डाकपत्थर भीमावाला, ढकरानी, धर्मावाला को सेक्टर बनाया गया है।