धर्मपुर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 72 प्रतिशत बढ़ोतरी
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों की विधानसभा सीटों पर सबसे अधिक मतदाता बढ़े हैं। इसमें धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में 10 वर्षों में सबसे अधिक 72 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा रुद्रपुर, डोईवाला, सहसपुर, कालाढूंगी, काशीपुर, रायपुर, किच्छा, भेल रानीपुर और ऋषिकेश में भी 41 से 72 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है।
ये भी पढ़ें...Joshimath: असुरक्षित भवन पर ध्वस्तीकरण का स्टीकर, रिपोर्ट में सूक्ष्म दरार, प्रशासन की बात से पीड़ित को झटका
मतदाताओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि चिंताजनक
पूर्व आईएफएस अधिकारी डॉ. वीके बहुगुणा का कहना है कि राज्य की सभी सीटों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ी है, लेकिन मैदानी जिलों की सीटों पर यह बढ़ोतरी बेहद चिंताजनक है। पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन की तुलना में संभवत: अन्य राज्यों के लोगों का उत्तराखंड में बहुत ज्यादा पलायन हुआ है या दूसरे राज्यों के लोग आकर उत्तराखंड में बस रहे हैं। यदि दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग आकर उत्तराखंड में बस रहे हैं तो इसके कारणों की जांच और मूल्यांकन करना बेहद जरूरी है।
आगामी निकाय चुनाव भी हो सकता है मतदाताओं में बढ़ोतरी का कारण
एसडीसी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल ने आशंका जताई है कि मतदाताओं की संख्या में इस बढ़ोतरी का संबंध अगले नौ महीने में होने वाले स्थानीय नगर निकायों के चुनाव से भी हो सकता है। उत्तराखंड में आठ नगर निगम देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश, कोटद्वार, हल्द्वानी, काशीपुर और रुद्रपुर हैं। इन्हीं आठ शहरों और उनके जिलों में मतदाताओं की संख्या में सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजनीतिक कारणों के अलावा सामाजिक, धार्मिक या सुरक्षा कारणों से सुनियोजित तरीके से ऐसा किये जाने की संभावना भी हो सकती है।
- वर्ष 2012 से 2022 के बीच उत्तराखंड में मतदाताओं की संख्या में 30 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई।
- 2012 के विधानसभा चुनाव में राज्य में 63,77,330 मतदाता थे। यह संख्या 2022 के चुनाव में 82,66,644 हो गई।
- राज्य में 2012 से 2022 के बीच मतदाताओं की संख्या में 18,89,314 की बढ़ोतरी हुई।
- चार मैदानी जिलों ऊधमसिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार की 36 सीटों पर 10 वर्ष के दौरान 37 प्रतिशत मतदाता बढ़े। सबसे ज्यादा 43 प्रतिशत मतदाता ऊधमसिंह नगर जिले में बढ़े।
- नौ पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, टिहरी , पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चम्पावत, बागेश्वर, चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा की 34 सीटों पर 10 वर्षों में मतदाताओं की संख्या में 20 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई। सबसे कम 13 प्रतिशत मतदाता अल्मोड़ा जिले में बढ़े।
- धर्मपुर, रुद्रपुर, डोईवाला, सहसपुर, कालाढूंगी, काशीपुर, रायपुर, किच्छा, भेल रानीपुर और ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में 10 वर्षों में सबसे ज्यादा 41 प्रतिशत से 72 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई।
- अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा क्षेत्र में 10 वर्षों के दौरान सबसे कम आठ प्रतिशत मतदाता बढ़े।
- सल्ट विधानसभा के अलावा रानीखेत, चौबटाखाल, पौड़ी, द्वाराहाट, लैंसडौन, जागेश्वर, यमकेश्वर, डीडीहाट और लोहाघाट सबसे कम आठ प्रतिशत से 16 प्रतिशत मतदाता बढ़े।