देहरादून से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को अब वातानुकूलित वॉल्वो बसों में सीटों के लिए दिक्कत नहीं झेलनी पड़ेगी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की तर्ज पर उत्तराखंड परिवहन निगम भी शुक्रवार से लखनऊ के लिए वॉल्वो बस शुरू करने जा रहा है।
उप महाप्रबंधक संचालन केपी सिंह ने बताया कि यह बस शाम पांच बजे देहरादून से लखनऊ के लिए रवाना होगी और सुबह पांच बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से भी बस शाम पांच बजे रवाना होगी।
बता दें कि फिलहाल उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से ही वातानुकूलित स्लीपर कोच का संचालन किया जा रहा है। इसमें सीटों को लेकर मारामारी रहती है।
प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह चौहान के निर्देश पर देहरादून से लखनऊ के बीच वातानुकूलित वॉल्वो संचालित करने का फैसला लिया गया।