प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन की निरंजनपुर में हुई बैठक, उपनल की तर्ज पर समान कार्य के लिए समान वेतन की भी मांग
जल्द शासनादेश जारी नहीं किए जाने पर धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन की निरंजनपुर में हुई बैठक में प्रदेश भर से पहुंचे स्वयंसेवकों ने थाने, चौकियों से हटाए गए 2900 पीआरडी जवानों को बहाल करने की मांग की है। उन्होंने उपनल कर्मचारियों की तरह समान काम के लिए समान वेतन के लिए भी आवाज बुलंद की।
बैठक में संगठन के प्रदेश संयोजक प्रमोद मंद्रवाल ने कहा कि एक ही राज्य में कर्मचारियों के साथ अलग-अलग नियम लागू कर भेदभाव किया जा रहा है। होमगार्ड और उपनल कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन दिया जा रहा है जबकि पीआरडी स्वयंसेवकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मांग उठाई कि पीआरडी जवानों को भी समान कार्य के लिए समान वेतन देने का शासनादेश जारी किया जाए। ऐसा नहीं होने पर पीआरडी जवान देहरादून में धरना, प्रदर्शन के साथ ही उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। निर्णय लिया गया कि थाने व चौकियों से हटाए गए स्वयंसेवक मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में विभाग के निदेशक से मिलकर बहाल किए जाने की मांग करेंगे। बैठक में प्रदेश संयोजक सचिव संजय सिंह पवार, जिला अध्यक्ष देहरादून गंभीर सिंह रावत, सुधीर तोमर, चंपावत से मनोज कुमार, पौड़ी से अशोक कुमार, दीपा रावत, शारदा रावत, कृपाराम, नवीन बिष्ट, आशीष नौटियाल, बारू तोमर, राजेश नेगी आदि मौजूद रहे।