लोक निर्माण विभाग की लापरवाही मुंशीघाटी-देऊ मोटर मार्ग से जुड़े आधा दर्जन गांव के लोगों पर भारी पड़ रही है। विभाग ने तीन माह बाद भी भूस्खलन के चलते जगह-जगह बंद हुई सड़क को नहीं खोला है। ग्रामीणों ने तीन दिन के भीतर सड़क न खुलने पर अधिशासी अभियंता के कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि नौ किमी लंबे मोटर मार्ग से देऊ, सैरी, झुटाया, पाबुआ, चिला समेत आधा दर्जन गांव की करीब 500 की आबादी जुड़ी है। सड़क तीन माह से बंद पड़ी है। सड़क खोलने को लेकर कई बार विभाग से मांग की जा चुकी है, लेकिन विभाग सुनने को तैयार नहीं।
सड़क बंद होने की वजह से फसलें समय से मंडी नहीं पहुंच पा रही हैं। फसलें खेतों में बर्बाद हो रही हैं। किसानों को पीठ पर फसलें ढोनी पड़ रही हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में अतर सिंह, कुंदन सिंह, जवाहर सिंह, भूप सिंह, रण सिंह, अजब सिंह, विरेंद्र सिंह, मदन सिंह आदि शामिल रहे।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना लोक निर्माण विभाग खंड कालसी के अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए जेसीबी लगा दी गई है। शुक्रवार से एक और जेसीबी मौके पर भेज दी जाएगी।
17 घंटे बंद रहा लांघा मटोगी मोटर मार्ग
विकासनगर। बारिश के चलते जगह-जगह मलबा आने से बिन्हार क्षेत्र के गांवों को विकासनगर ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ने वाला लांघा-मटोगी मोटर मार्ग 17 घंटे बंद रहा। सड़क बंद होने से पष्टा, जाखन, खुलैत, मदर्सू, चिमायला, कौल, मटोगी, निगरोड समेत एक दर्जन गांव के लोगों की आवाजाही ठप रही। बारिश के चलते 16 किमी लंबा मोटर मार्ग बीते बुधवार को सात बजे बंद हो गया था। लोनिवि निर्माण खंड देहरादून के सहायक अभियंता प्रदीप सैनी ने बताया कि सुबह ही सड़क खोलने के लिए जेसीबी लगा दी गई थी। दोपहर 12 बजे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारू करा दी गई। संवाद