सहसपुर स्थित बिजली घर पर ज्ञापन सौंपते ग्रामीण। स्रोत जागरूक पाठक
- सहसपुर बिजली घर पर की नारेबाजी, सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सेलाकुई। अधिक राशि के बिजली बिल आने के विरोध में ग्रामीणों ने सहसपुर स्थित बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने ऊर्जा निगम पर बिलों में अनियमितताएं करने का आरोप लगाते हुए बिलों को ठीक करने की मांग की। ग्रामीणों ने अपनी मांग से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
सहसपुर के पूर्व प्रधान सुंदर थापा के नेतृत्व में बिजलीघर परिसर में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से अत्यधिक धनराशि के बिल भेजे जा रहे हैं। जबकि उनका विद्युत खर्च उतना नहीं है। अधिक धनराशि के बिल आने से ग्रामीणों को मानसिक व आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मीटर रीडिंग की व्यवस्था को ठीक किए जाने के साथ भेजे गए बिलों को ठीक करके उचित धनराशि वसूली जानी चाहिए।
इसके साथ ही सहसपुर क्षेत्र में लगे मीटराें की जांच करके उनमें आईं तकनीकी खराबियों को ठीक किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता व उप खंड अधिकारी को संबोधित अपनी मांग से संबंधित एक ज्ञापन भी बिजलीघर पर उपस्थित कर्मचारियों को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य अमजद, इरशाद, शमीम, नफीस, राशिद, इंतजार, सलमान खान, अली अहमद आदि उपस्थित रहे।