- गांव व छानियों के आसपास मंडरा रहा गुलदार
संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। क्षेत्र में गुलदार की चहलकदमी प्रतिदिन दिखाई दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी व जंगल किनारे स्थित छानियों के आसपास गुलदार लगातार दिखाई दे रहा है। उधर पशुओं पर हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की घोषणा करने वाला वन विभाग लापरवाह बना हुआ है। वन विभाग के इस रवैये से ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ रही है।
साहिया गोशाला से लेकर आसपास के गांव और छानियों में गुलदार की चहलकदमी निरंतर हो रही है। रात के समय अक्सर गुलदार को निराश्रित गोवंश के लिए बनाई गई गोशाला के आसपास ही देखा जा रहा है। ग्रामीण गुलदार के चहलकदमी से दहशत में हैं। बताते चलें कि क्षेत्र के ग्राम अलसी, मलेथा, दातनु, भुगतार, जड़वाला छानी, शेवना, सकनी, कनबुआ, पिशोगी, रमवाड़ा आदि में गुलदार की दशहत के कारण ग्रामीण रात के समय अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। गो संरक्षण समिति के अध्यक्ष राकेश चौहान, मोहन लाल शर्मा, सतपाल राय, बलबीर राठौर, रघुवीर खन्ना का कहना है कि जब तक गुलदार किसी इंसान को अपना निवाला नहीं बनाएगा तब तक वन विभाग इसी प्रकार से लापरवाह बना रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वन विभाग इसी प्रकार से लापरवाह बना रहा तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। उधर, रीवर रेंज के रेंजर अनिल भट्ट ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है। जैसे ही अनुमति मिलेगी पिंजरा लगा दिया जाएगा।