सहकारी समिति पिछले आठ दिनों से बंद है, जिससे क्षेत्र के किसानों को खाद, बीज और ऋण संबंधी कार्यों में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसे लेकर किसानों ने जिला सहायक निबंधक, सहकारी समितियां, देहरादून को ज्ञापन सौंपकर समिति को शीघ्र खुलवाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि हड़ताल और विरोध प्रदर्शन पहले भी हुए, लेकिन समिति को इस तरह पूरी तरह बंद नहीं किया गया। किसानों का कहना है कि जब कर्मचारियों को वेतन समिति से ही मिलता है, तो उनका इस तरह हड़ताल पर जाना उचित नहीं। यदि कोई अपने स्वार्थ के लिए समिति बंद करवा रहा है, तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस मामले पर उत्तराखंड किसान कांग्रेस के देहरादून जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह ने कहा, हड़ताल कर्मचारियों का अधिकार है, लेकिन लगातार आठ दिन तक कार्यालय बंद रहना उचित नहीं। किसान अपनी समस्याएं लेकर कहां जाएं, खाद, बीज और ऋण की जिम्मेदारी कौन लेगा, संबंधित अधिकारी तत्काल हस्तक्षेप कर कार्यालय खुलवाएं और किसानों को राहत दें। किसान हित सर्वोपरि है।