विकासनगर पालिका अब भाजपा की झोली में है। हाईकोर्ट में ड्रॉ से हुए फैसले में परिणाम भाजपा के प्रत्याशी रहे हरफूल महावर के पक्ष में गया। पालिका चुनाव में कांग्रेस के नीरज अग्रवाल को छह वोटों से विजयी घोषित किया गया था। निचली अदालतों से होता हुआ यह मामला हाईकोर्ट पहुंचा था।
बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट बार सभागार में बार अध्यक्ष ने पर्ची निकाल कर मामले का फैसला किया। इसके आधार पर विकास नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी हरफूल महावर को विजयी घोषित किया गया। मामले के अनुसार विकासनगर में 2013 के पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरफूल महावर को 13 वोट से आगे बताया गया था।
इसके बाद हरफूल मतगणना स्थल से चले गए। बाद में जब परिणाम घोषित हुआ तो उसमें कांग्रेज प्रत्याशी नीरज अग्रवाल को छह वोटों से विजयी घोषित कर दिया गया। हरफूल महावर ने मामले में धांधली का आरोप लगाते हुए जिला जज देहरादून के समक्ष याचिका दायर की जिसे जिला जज ने अपर जिला जज विकास नगर को स्थानांतरित किया।
अपर जिला जज की कोर्ट ने मामले में दोबारा मतगणना के आदेश दिए, जिसमें दोनों के वोट बराबर पाए गए। इसके बाद नीरज अग्रवाल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की सहमति से मामले का निस्तारण पर्ची से कराने के निर्देश दिए।