सरस्वती कला मंच की रामलीला में प्रस्तुति देते कलाकार। स्रोत मंच
बेटी की विदाई हर परिवार के लिए एक कठिन और भावनात्मक समय होता है। इस दर्द को दर्शकों ने मंगलवार को सरस्वती कला मंच की ओर से आयोजित रामलीला के दौरान महसूस किया। सीता की विदाई की लीला का मंचन देखकर दर्शक भावुक होकर जय सियाराम के जयकारे लगाने लगे।
मंचन में महाराजा दशरथ राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, विश्वामित्र, वशिष्ठ आदि के साथ बारात लेकर जनकपुरी पहुंचते हैं। विवाह की सभी रस्म पूरी करने के बाद राजा जनक सीता का हाथ राम को सौंपते हुए कहते हैं कि उन्होंने बड़े लाड़ प्यार से सीता को पाला है। उनका ध्यान रखना और उनसे कोई गलती हो जाए तो क्षमा करना। इस दौरान रामलीला देख रहे दर्शकों की आंखों में आंसू आ गए।
विदाई के समय बाबुल की दुआएं लेती जा, जा तुझको सुखी संसार मिले... गीत की प्रस्तुति के दौरान दर्शक भावुक दिखाई दिए। रामलीला में महिला कलाकारों के अभिनय की भी दर्शकों ने खूब सराहना की। इस दौरान कांग्रेस के पीसीसी सदस्य संजय जैन, नवनीत वर्मा, विनीत रोहिल्ला, प्रदीप ठाकुर, रविंद्र सैनी, आंचल गुप्ता, चंद्रकला आदि उपस्थित रहे।