- मुस्लिम बस्ती में बंद घर में की थी चोरी
- आरोपी पर लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के दर्ज हैं नौ मुकदमे
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कोतवाली पुलिस ने मुस्लिम बस्ती में बंद घर से आभूषण चोरी करने वाले दानिश उर्फ भोला को बुधवार को सेंट अरण्य स्कूल के बाग के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी मुस्लिम बस्ती का ही रहने वाला है। आरोपी विकासनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि सोमवार को मुस्लिम बस्ती निवासी बृजमोहन डंग कोतवाली आए थे। उन्होंने बताया कि रविवार को वह परिवार के साथ विवाह समारोह में शामिल होने के लिए रुड़की गए थे। रात को करीब एक बजे घर वापस लौटे और सो गए। सुबह उन्होंने देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर की लोहे की आलमारी को खोलकर दो कड़े, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, एक जोड़ी डायमंड, एक घड़ी और आर्टिफिशियल ज्वैलरी चोरी कर लिए हैं।
अज्ञात के खिलाफ चोरी संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। सीसीटीवी कैमरा की फुटेज से पुलिस ने चोर की पहचान की। मुखबिर तंत्र की मदद ली गई। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को सेंट अरण्य स्कूल के बाग के गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से चोरी किए गए आभूषण भी मिल गए हैं। आरोपी विकासनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी में कोतवाली में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी कई बार जेल भी जा चुका है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।