विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय ने कहा कि जिस विश्वास के साथ अयोध्या में राममंदिर के निर्माण के लिए 25 साल से तैयारी की जा रही है। उस विश्वास के साथ मंदिर का निर्माण भी अवश्य एवं हर हालत में होगा।
दिल्ली रोड स्थित ब्रह्मपुर गांव में चल रहे बजरंग दल के प्रांतीय शौर्य प्रशिक्षण शिविर में अमर उजाला से बातचीत में चंपत राय ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 25 साल से मंदिर निर्माण के लिए बनाई गई कार्यशाला में शिलाओं को तैयार किया जा रहा है।
इन पत्थरों से रामजन्म भूमि पर भव्य राममंदिर किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में अंतरराष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद ही नहीं अटल विश्वास भी है कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय राममंदिर निर्माण के पक्ष में आएगा, इसलिए संगठन मंदिर के निर्माण के लिए लगातार तैयारी भी करता आ रहा है, कहा कि सुप्रीम कोर्ट से भी बड़ी जनता होती है। जरूरत पड़ी तो जनता के सहयोग से राममंदिर का निर्माण करेंगे।
चंपत राय ने बताया कि विहिप एवं बजरंग दल की ओर से 20 साल से प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है। इस बार भी देश भर में संगठन की दृष्टि से बनाए गए 40 प्रांतों में 100 शिविरों में करीब 11 हजार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिसमें 40-40 शिविर सात दिवसीय युवक एवं युवतियों के चल रहे हैं।
इसके अलावा 20 शिविर गृहस्थ दायित्वान कार्यकर्ताओं के दस दिवसीय शिविर चल रहे हैं। इनमें कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति एवं देश समाज की रक्षा करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।