देहरादून। वाहनों की फिटनेस जांच कराने के लिए अब अत्याधुनिक मशीनों से होगी। इसके लिए सभी जिलों में अत्याधुनिक ऑटोमेटिक फिटनेस टेस्टिंग सेंटर्स खोलने की योजना है। योजना के पहले चरण में हरिद्वार व हल्द्वानी में अत्याधुनिक सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का काम भी पूरा कर लिया गया है।
बता दें। अभी तक वाहनों की फिटनेस विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा मैनुअली होती है। परिणामस्वरूप वाहन मालिकों को न सिर्फ तमाम परेशानियां उठानी पड़ती हैं वरन फिटनेस जांच मेें तमाम खामियां रह जाती हैं। ऐसे में फिटनेस की जांच अत्याधुनिक उपकरणों से लैस ऑटोमेटेड टेस्टिंग मशीन कराने की योजना तैयार हो चुकी है। केंद्र सरकार ने हरिद्वार व हल्द्वानी में ऑटोमेटेड फिटनेस टेस्टिंग सेंटर्स खोलने के लिए मंजूरी भी दे दी है। इसके अलावा ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर्स में वाहनों की जांच के प्रशिक्षण के लिए एआरएआई पुणे के विशेषज्ञों की टीम 28 नवंबर को देहरादून आ रही है। आरटीओ डीसी पठोई ने बताया कि ऑटोमेटेड फिटनेस टेस्टिंग सेंटर्स खोलने के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा कर लिया गया है। केंद्र सरकार से बजट मिलने के साथ ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।