- सिग्नल लगे, लेकिन नहीं थम रही वाहन चालकों की मनमानी, दिनभर में कई बार लग रहा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। डाकपत्थर तिराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगने के बावजूद यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। वाहन चालक लाल बत्ती की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे जाम के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
तिराहे पर कोई वाहन चालक सिग्नल का पालन कर रहा है तो कोई लाल बत्ती होने के बावजूद आगे बढ़ रहा है। एक तरफ ग्रीन लाइट होने पर वाहन निकल रहे होते हैं, तभी दूसरी तरफ से लाल बत्ती तोड़कर वाहन उनके सामने आ जाते हैं। इससे आमने-सामने वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। कई बार इस स्थिति में वाहन फंसने से यातायात बाधित हो जाता है और जाम लग जाता है।
स्थानीय निवासी संदीप सिंह, दीपक वर्मा और शुभम पैन्यूली का कहना है कि ट्रैफिक सिग्नल लगाने के बावजूद दिनभर में कई बार तिराहे पर जाम लग रहा है। वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार सिग्नल तोड़कर निकलते हैं। इससे ग्रीन लाइट में निकल रहे दूसरे वाहन चालकों को परेशानी होती है। जाम का असर आसपास के बाजार तक पहुंच जाता है। उन्होंने पुलिस से सिग्नल का सख्ती से पालन कराने और नियमित निगरानी की मांग की है।
डाकपत्थर तिराहे पर ट्रैफिक सिग्नल के साथ एक होमगार्ड की तैनाती की गई है। वाहन चालकों से सिग्नल का पालन करने की अपील है। नियम तोड़ने वालों के चालान किए जाएंगे। - राजीव रौथाण, कोतवाली प्रभारी