नैनीताल शहर में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से शाम साढ़े 6 से रात 9 बजे तक अपर माल रोड को वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है, जो 30 जून तक प्रभावी रहेगा।
अब शाम साढ़े 6 बजे के बाद वाहन लोअर माल रोड से होते हुए मल्लीताल तो जा पाएंगे, लेकिन तल्लीताल आने वाले वाहनों को राजभवन रोड से होते हुए आना होगा। पर्यटन सीजन में नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सीओ विजय थापा ने बताया कि इस वर्ष पर्यटकों की आवाजाही कम होने के कारण देरी से यह निर्णय लिया गया है। बता दें कि हर वर्ष पर्यटन सीजन में 15 मई के बाद नगर में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ जाती है।
इसके बाद अपर माल रोड पर वाहनों की आवाजाही के प्रतिबंधित समय को एक घंटा बढ़ा दिया जाता है। इसके तहत सामान्य दिनों में शाम 6 से रात 8 बजे तक बंद रहने वाली माल रोड पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध का समय बढ़ाकर रात 9 बजे तक कर दिया जाता है। इस बार पर्यटन सीजन कुछ देरी से शुरू होने के कारण 6 दिनों की देरी से यह निर्णय मंगलवार को लिया गया है।