उत्तराखंड शासन ने हाईकोर्ट में अपर महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह नेगी को महाधिवक्ता नियुक्त किया है। यह पद लगभग तीन माह से रिक्त था। मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह के हस्ताक्षर से जारी नियुक्ति पत्र सोमवार को नैनीताल हाईकोर्ट पहुंचा।
उत्तराखंड में सियासी उथल-पुथल के चलते बीते मार्च में यूके उनियाल को महाधिवक्ता पद से हटा दिया गया था। यूके उनियाल कांग्रेस के बागी पूर्व विधायक सुबोध उनियाल के भाई हैं और माना गया था कि सदन में कांग्रेसी नेताओं की बगावत का खामियाजा पूर्व महाधिवक्ता को भुगतना पड़ा। इससे सरकारी मामलों में पैरवी पर असर पड़ रहा था।
साथ ही कानूनी व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। हाईकोर्ट में महाधिवक्ता की जल्द नियुक्ति के संबंध में जनहित याचिका भी दायर की गई थी।
पिता भी रहे हैं महाधिवक्ता
नैनीताल हाईकोर्ट
- फोटो : PTI
1958 में ग्राम सौन्याडा, गैरसैंण चमोली में जन्मे वीबीएस नेगी के पिता मेहरबान सिंह नेगी उत्तराखंड हाईकोर्ट में महाधिवक्ता के पद पर रह चुके हैं। नेगी दो बार असिस्टेंट सॉलिसीटर जनरल के पद पर कार्य कर चुके हैं। नेगी की प्रारंभिक शिक्षा इलाहाबाद में, स्नातक की शिक्षा हेमवती नंदन बहुगुणा विवि श्रीनगर गढ़वाल में तथा विधि स्नातक की शिक्षा इलाहाबाद विवि में हुई।
उन्होंने वर्ष 1985 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत प्रारंभ की तथा उत्तराखंड राज्य बनने के बाद उत्तराखंड हाईकोर्ट में वकालत करने लगे। नेगी उत्तराखंड ट्रांसपोर्ट कॉपोरेशन, मंडी परिषद, आईआईटी रुड़की, यूजीसी, आयकर विभाग सहित विभिन्न जिला पंचायतों एवं प्रतिष्ठानों के भी अधिवक्ता रह चुके हैं।
Published By: Vivek Singh