विधानसभा चुनाव के बीच नमकीन उद्योग पर वैट की मार पड़ गई है। हाल ही में नमकीन पर वैट की दर 8 प्रतिशत से बढ़ाकर सीधे 14.5 प्रतिशत कर दी गई है। इससे प्रदेश के 100 से ज्यादा नमकीन उद्योग प्रभावित हैं। उद्योगपतियों ने अब इस फैसले के खिलाफ मुख्य निर्वाचन आयुक्त का दरवाजा खटखटाने का ऐलान किया है।
प्रांतीय इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रदेश सचिव अनिल मारवाह ने बताया कि पहले सरकार ने नमकीन पर वैट की दर 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 14.5 प्रतिशत की थी। इस पर विरोध हुआ तो छह माह के लिए इसे घटाकर आठ प्रतिशत कर दिया गया था। अब दोबारा, 26 जनवरी से वैट की दर बढ़ाकर दोबारा 14.5 प्रतिशत दी गई है।
उनका कहना है कि आचार संहिता के बीच इस तरह का फैसला नमकीन कारोबारियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। अब वैट के हिसाब से अगर दाम बढ़ाएंगे तो बाजार में उपलब्ध बाहरी नमकीन प्रोडक्ट से वह पिछड़ जाएंगे। वैट की दर बढ़ाने के खिलाफ अब सभी नमकीन कारोबारी एकजुट होकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त राधा रतूड़ी से मिलेंगे।
उनका कहना है कि प्रदेश में करीब 100 नमकीन के मध्यम उद्योग और 200 से ज्यादा छोटे उद्योग हैं। वैट बढ़ने से उनकी रोजी रोटी पर संकट आ गया है।