विशेष पोस्टल कवर के रूप में थुनेर का चयन किया
इस साल विशेष पोस्टल कवर के रूप में थुनेर का चयन किया गया है, जिसका विमोचन राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। थुनेर में औषधीय गुण विद्यमान होने के दृष्टिगत इसका उपयोग कई बीमारियों के उपचार में किया जाता है।
डाक टिकट प्रदर्शनी का भी होगा आयोजन
आर्ट गैलरी के माध्यम से कई पेंटिंग का प्रदर्शन राजभवन ऑडिटोरियम गैलरी में किया जाएगा। इस वर्ष प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले आमजन के लिए राजभवन की नक्षत्र वाटिका, बौन्साई गार्डन एवं शंकर जी के मंदिर के भ्रमण की भी व्यवस्था की जाएगी।
35 विभाग करेंगे प्रतिभाग
आयोजन में राज्य के लगभग 35 विभाग प्रतिभाग करेंगे। उद्यान विभाग के साथ ही विभिन्न शोध संस्थान, कृषि विश्वविद्यालय, बोर्ड, निगम आदि प्रमुख होगें।
हर दिन एक घंटे सांस्कृतिक संध्या होगी
संस्कृति विभाग की ओर से वसंतोत्सव-2024 के तीनों दिन सायंकाल एक घंटे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय भाषाओं के गीतों, लोक नृत्यों एवं अन्य कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों के साथ ही प्रदेश से जुड़े हुए ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
फूलों से सजे वाहन करेंगे प्रचार प्रसार
इस साल फूलों से सजे वाहन से देहरादून शहर में वसंतोत्सव का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वाहन का फ्लैग ऑफ राज्यपाल 29 फरवरी को राजभवन से करेंगे। वसंतोत्सव का शुभारंभ एक मार्च को सुबह 11 बजे से किया जाएगा। एक मार्च को दोपहर एक बजे से सायं छह बजे तक एवं दो व तीन मार्च को सुबह 9.00 बजे से सायं 6.00 बजे पुष्प प्रदर्शनी जनसामान्य के लिए मुफ्त खुली रहेगी।