राजभवन में दो दिवसीय वसंतोत्सव का आगाज हो गया। शनिवार को देहरादून स्थित राजभवन में राज्यपाल केके पॉल और मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वसंतोत्सव का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर आईटीबीपी के जवानों द्वारा मार्शल आर्ट की विशेष प्रस्तुति दी गई। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
वसंतोत्सव में पुष्प प्रदर्शनी के अलावा स्कूली बच्चों की पेंटिंग व फिलैटली प्रतियोगिता, लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम, आईटीबीपी जवानों की साहसिक गतिविधियां और आपदा के दौरान बचाव व राहत गतिविधियों का प्रशिक्षण मुख्य आकर्षण होगा। इस वर्ष विशेष आवरण के रूप में बद्री तुलसी को प्रदर्शित किया जा रहा है।
शुक्रवार को राजभवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यपाल डा. केके पाल ने यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस बार वसंतोत्सव में कुछ नए प्रयोग भी किए गए हैं। पहली बार वर्टिकल गार्डन के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में औद्यानिकी को बढ़ावा देने की पहल की गई है, जिसमें कम स्थान पर विशेषकर घर की छत अथवा बालकनी में पुष्प एवं जैविक सब्जियों की खेती की जा सकती है।
वसंतोत्सव में पुष्प उत्पादकों और ग्राहकों के बीच समन्वय बनाने के लिए पहली बार बायर-सेलर मीट का आयोजन भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष होने वाली स्कूली बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता में इस वर्ष बालगृह के बच्चे भी प्रतिभाग करेंगे। नारी निकेतन के स्टाल में संवासिनियों के तैयार उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
दो दिवसीय आयोजन में थलसेना की 116 इन्फैन्ट्री ब्रिगेड का खुखरी डांस और आइटीबीपी के आपदा राहत व बचाव की तकनीक व उपयोग में लाए जाने वाले यंत्रों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोहाघाट व पिथौरागढ़ के लोहे के बर्तनों और अल्मोड़ा के तांबे के बर्तनों का प्रदर्शन व बिक्री भी की जाएगी। इस अवसर सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, पोस्ट मास्टर जनरल उदय कृष्ण समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पहली बार राज्यपाल की पहल पर स्कूली बच्चों के डाक टिकट संग्रहण (फिलैटली) प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इसमें राज्यपाल के संग्रहित टिकटों की प्रदर्शनी भी लगेगी। पुष्प विषय पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए 25 आवेदन मिले हैं। विजेता को पांच हजार, फर्स्ट रनर अप को तीन हजार और सेकेंड रनर अप को दो हजार रुपये का नगद पुरस्कार मिलेगा।