उत्तराखंड से चलने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन का देहरादून रेलवे स्टेशन पर भोपाल के फूलों से स्वागत किया जाएगा। रेलवे स्टेशन को भव्य रूप से सजाया गया है। इससे पहले बुधवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी रेलवे के अधिकारियों के साथ वंदे भारत ट्रेन से दून पहुंचे। अधिकारियों के साथ उन्होंने रेलवे स्टेशन का जायजा लिया।
दून से चलने वाली यह 18वीं वंदे भारत ट्रेन होगी। वंदे भारत ट्रेन से रेलवे स्टेशन पर पहुंचने से पहले प्लेटफाॅर्म को तैयार किया गया। ट्रैक, स्टेशन और आसपास रंग रोगन के अलावा करीब 300 मीटर से अधिक लंबा टेंट भी लगाया गया है। स्टेशन के मुख्य गेट से लेकर मंच के आसपास एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। इन पर उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
सजावट का काम कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि स्टेशन को सजाने के लिए भोपाल से बुधवार को फूल मंगाए गए। प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के दोनों ओर फूलों की लंबी मालाएं लगाई गई हैं। मंत्री के साथ नॉर्दर्न रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधरी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन पर मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं
करीब 250 करोड़ रुपये से देहरादून रेलवे स्टेशन का पुनर्निर्माण का काम जल्द शुरू किया जाएगा। इसके बाद यहां एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं यात्रियों को मिल सकेंगी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन चलने के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में भी तेजी आएगी।
आज हरिद्वार आएगी वंदे भारत एक्सप्रेस
हरिद्वार। वंदे भारत एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर आएगी। ट्रेन के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी आएंगे, जिससे दिनभर अधिकारी तैयारियों में लगे रहे। बताया गया कि रेलवे स्टेशन पर रेल मंत्री कुछ समय के लिए ठहरेंगे। वह यहां सभा को संबोधित भी करेंगे। बुधवार को अधिकारी रेलवे स्टेशन पर खामियों को ठीक करने में लगे रहे। संवाद