बहरीन और माल्टा जैसे देशों में नौकरी का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये ठगने वाले आरोपी को एसटीएफ ने मोहाली पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ितों में सात उत्तराखंड, जबकि एक ग्वालियर मध्य प्रदेश, एक जयपुर राजस्थान और एक इलाहाबाद का रहने वाला है। एसटीएफ के अनुसार पीड़ितों की संख्या और अधिक हो सकती है।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि कुछ युवकों ने शिकायत की थी। बताया कि मोनू सागर नाम के एक युवक ने उन्हें बहरीन व माल्टा जैसे देशों में होटल में नौकरी का झांसा दिया। इसके लिए उसने कुछ खर्चा लगने की बात कही थी। बताया कि इसके बाद वह उसके झांसे में आ गए और करीब 10 युवक-युवतियों ने उसके खाते में 9,24,500 रुपये डाल दिए। इसके बाद आरोपी ने इन युवक-युवतियों को फर्जी वीजा और ईमीग्रेशन अपाॅइंटमेंट लेटर व टिकट दे दिए।
जब वीजा और ईमीग्रेशन एपाॅइंटमेंट लेटर को लेकर पीड़ित सुनील राणा व बिमला सलदाना दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो ईमीग्रेशन डिपार्टमेंट ने टिकट व वीजा को फर्जी बताया। जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ितों ने बताया कि इसके बाद उन्होंने मोनू सागर के व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया लेकिन फोन नहीं लगा।
एसएसपी ने बताया कि शिकायत के बाद डालनवाला थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी। पता चला कि आरोपी मोहाली पंजाब में है। जिस पर एक टीम को मोहाली भेजा गया। टीम ने आरोपी मोनू सागर निवासी खंडुवा मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
-
मोबाइल एप के माध्यम से एडिट किए थे वीजा और टिकट
आरोपी मोनू ने बताया कि उसने अपना टिकट और वीजा मोबाइल एप के माध्यम से एडिट कर पीड़ितों को व्हाट्सएप कर दिया था। बताया कि जो राशि उसने पीड़ितों से ली थी उसमें से नौ लाख रुपये वह ऑनलाइन जुआ रमी सर्किल में हार गया था।