उप जिला अस्पताल, विकासनगर में एएनएम केंद्र में बुधवार व शुक्रवार दो दिन गर्भवती और बच्चों का टीकाकरण शुरू कर दिया गया। इससे गर्भवती और धात्री माताओं को बड़ी राहत मिली है।
उप जिला अस्पताल, विकासनगर के एएनएम केंद्र में प्रत्येक बुधवार को टीकाकरण होता था। लेकिन, टीकाकरण के लिए आने वाली गर्भवती और बच्चों की संख्या 100 से अधिक होती थी। इसके चलते उन्हें टीकाकरण के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। अमर उजाला ने 27 अप्रैल के अंक में एक ही एएनएम 100 से अधिक बच्चों का कर रही टीकाकरण खबर प्रकाशित की थी।
अस्पताल के सीएमएस ने खबर का संज्ञान लिया। उन्होंने अस्पताल में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को टीकाकरण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। अमर उजाला ने 30 अप्रैल के अंक में मई से एएनएम केंद्र में दो दिन होगा टीकाकरण खबर प्रकाशित की थी।
शुक्रवार को केंद्र में गर्भवती और बच्चों का टीकाकरण किया गया। दो दिन टीकाकरण की व्यवस्था पर गर्भवती और धात्री माताओं ने अमर उजाला का धन्यवाद किया। हालांकि, केंद्र के प्रतीक्षालय में अब तक पंखा नहीं लगा है। इससे गर्भवती महिलाओं को परेशानी हो रही है। सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान ने बताया कि प्रतीक्षालय में पंखा लगा दिया जाएगा।