टीकाकरण: कोरोना की वैक्सीन लगवाती महिला
- फोटो : अमर उजाला
जिले में टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बैठक कर उप जिलाधिकारियों, एमओआईसी को मोबाइल टीम के जरिए गांव-गांव में टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीएम श्रीवास्तव ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में प्राप्त हो रही हो तो जम्बो साइट बढ़ाई जाए। इसके लिए भी उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में साइट के लिए स्थान चिह्नित करें। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की एक भी डोज बर्बाद नहीं जाए। यदि किसी साइट पर कम लोग हों, जिससे नई वैक्सीन की बर्बादी की संभावना हो ऐसी स्थिति में नजदीकी साइट पर समन्वय करते हुए उनका टीकाकरण करवाया जाए। फ्रंट लाइन वर्कर्स व उनके परिजनों के लिए तीलू रोतेली, सर्वे चौक में जम्बो साइट बनाई जाए। साथ ही कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
डेंगू से बचाव के लिए किया जागरूक
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बुधवार को जिले भर में घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले भर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को ऋषिकेश, मच्छी बाजार समेत शहर के कई स्थानों में डेंगू मलेरिया जन जागरूकता अभियान चलाया गया। संवाद