विशेष समुदाय के दो लोगों ने छोड़ीं दुकानें
पुरोला में उपजे विवाद के बाद समुदाय विशेष की दो दुकानों से लोग काम छोड़कर अपने शहरों को लौट गए हैं। यहां बीते 26 मई से बंद समुदाय विशेष की दुकानें दो जून तक नहीं खुलीं। दूसरी ओर ऐसी घटनाओं के विरोध में नौगांव और बड़कोट में भी व्यापार मंडल ने शनिवार को बाजार बंद रखने का एलान किया।
पुरोला में वैल्डिंग और नाई की दुकान तीन-चार दिन से बंद हैं। हालांकि दुकान स्वामी ने शुक्रवार दोपहर बाद कुछ देर के लिए दुकान खोली मगर वहां कोई कर्मचारी नहीं था। वहीं पुरोला में एक सप्ताह बाद भी समुदाय विशेष की दुकानें बंद रही। नगर में चर्चाएं हैं कि स्थिति को देखते हुए पुरोला नगर के दो से चार व्यापारियों ने विकासनगर में अपने लिए दुकानें ढूंढ ली हैं। दूसरी ओर नौगांव में हुई नगर व्यापार मंडल की बैठक में शनिवार को बाजार बंद रखने का एलान किया गया।
साथ ही बड़कोट में आयोजित हिंदू जागृति संगठन की बैठक का भी समर्थन किया। नौगांव व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश असवाल ने कहा कि नगर क्षेत्र में दूसरे समुदाय के करीब चालीस लोग हैं जो शहर में या तो स्वयं की दुकान चला रहे हैं या फिर किसी स्थानीय दुकानदार के साथ काम कर रहे हैं। कहा कि व्यापार मंडल अब मकान मालिक से दूसरे समुदाय के लोगों को किराए पर दी गई दुकानों को खाली करवाने के लिए कहेगा। या फिर मकान मालिक दुकानदार का सत्यापन कर अनैतिक कार्य करने पर किराएदार की जिम्मेदारी लेगा।