बचाव व राहत कार्यों में केंद्र सरकार से मिलेगी हरसंभव मदद
उत्तरकाशी जिले हर्षिल क्षेत्र में धराली गांव में आपदा से मची तबाही पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जानमाल के नुकसान पर शोक प्रकट किया। बचाव व राहत कार्यों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी व गृह मंत्री शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली और राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता प्रदान करने का भरोसा दिया। पीएम मोदी ने सीएम से कहा, प्रभावितों को शीघ्र राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आपदा में जन धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और बचाव व राहत कार्यों में हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया। गृह मंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ व अन्य राहत एजेंसियों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
उधर, मुख्यमंत्री धामी ने आंध्र प्रदेश का दौरा स्थगित कर देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा, केंद्रीय गृह मंत्री शाह लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हैं और केंद्र सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा रही है।