अलकनंदा हाइड्रो प्रोजेक्ट से उत्तराखंड के हिस्से की 12 प्रतिशत बिजली सीधे श्रीनगर विद्युत सब स्टेशन से मिलेगी। सोमवार को नवनिर्मित श्रीनगर विद्युत सब स्टेशन का देहरादून से मुख्यमंत्री हरीश रावत ने लोकार्पण किया। इसी के साथ ही राज्य को यहां से बिजली मिलनी शुरू हो गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 400 केवी के श्रीनगर डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के कार्य का भी उद्घाटन कर दिया है।
श्रीनगर के समीप खंदूखाल में बने पिटकुल के 400 किलोवाट के विद्युत सब स्टेशन का सोमवार को मुख्यमंत्री ने माजरा (देहरादून) स्थित पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड (पिटकुल) मुख्यालय से लोकार्पण किया। अब तक यूपी द्वारा संचालित जीवीके अलकनंदा हाइड्रो प्रोजेक्ट श्रीनगर की पूरी बिजली यूपी की ट्रांसमिशन लाइन से मुफ्फरनगर ग्रिड पर जा रही थी।
गढ़वाल में सुदृढ़ होगी सुरक्षा व्यवस्था
सीएम ने कहा कि नई व्यवस्था से गढ़वाल क्षेत्र में बिजली व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। सीएम ने कहा पिटकुल के लाभांश का कुछ हिस्सा माइक्रो हायडिल प्रोजेक्ट में भी लगाया जाए। कार्यक्रम का संचालन यूपीसीएल के डाइरेक्टर (एचआर) पीसी ध्यानी ने किया। कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल, पौड़ी विधायक सुंदरलाल मंद्रवाल, विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन सुभाष कुमार, प्रमुख सचिव ऊर्जा उमाकांत पंवार आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर जल विद्युत निगम के एमडी एसएन वर्मा, जिलाधिकारी रविनाथ रमन, निदेशक एसके शर्मा, प्रकाश चंद्र ध्यानी, जीएम एसके टमटा आदि शामिल रहे।
इन क्षेत्रों को भी मिल सकेगी बिजली
एमडी एसएस यादव ने बताया कि यह सब स्टेशन 400 केवी काशीपुर ट्रांसमिशन लाइन से होकर उत्तरी ग्रिड से कनेक्ट हो जाएगा। इससे सतपुली, सिमली आदि क्षेत्रों को भी कुमाऊं और गढ़वाल दोनों क्षेत्र से बिजली मिल सकेगी। यह सब स्टेशन संभवतया एशिया में पर्वतीय क्षेत्र में स्थापित सबसे बड़ा सब स्टेशन है।